अटरिया,सीतापुर(संवाददाता):जिले में खोए व चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अटरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल की तकनीकी मदद से गुमशुदा 10 एंड्रॉइड फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.44 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराध व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सिधौली वेदप्रकाश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण व थानाध्यक्ष लालबहादुर मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को ट्रैक किया।
सघन प्रयासों के बाद पुलिस ने कुल 10 खोए हुए मोबाइल बरामद कर सोमवार को थाने में उनके असली धारकों को सौंप दिए। कई दिनों से गुम फोन वापस पाकर स्वामियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सीतापुर पुलिस की कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की।

0 टिप्पणियाँ